सेल्फी बनी हादसे की वजह, चीला नहर में बहा नोएडा का युवक

ऋषिकेश: घूमने आए तीन दोस्तों में से एक युवक के लिए सेल्फी लेना जानलेवा साबित हुआ। चीला नहर के किनारे खड़े होकर फोटो खींचने के दौरान उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बह गया।
जानकारी के अनुसार, नोएडा से तीन दोस्त हरिद्वार और ऋषिकेश घूमने आए थे। इनमें 26 वर्षीय आयुष भी शामिल था। घटना बैराज-चीला मोटर मार्ग पर कुमाऊं सौड़ गुर्जर बस्ती के पास हुई।
बताया गया कि आयुष नहर के किनारे बने पैराफिट को पार कर अंदर की ओर खड़ा होकर सेल्फी लेने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ा और वह नहर में गिर गया। नहर का बहाव तेज होने के कारण वह देखते ही देखते पानी में बह गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा लापरवाही के कारण हुआ है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी और नहर किनारे इस तरह के खतरनाक स्टंट या सेल्फी लेने से बचें, क्योंकि तेज बहाव और फिसलन जानलेवा साबित हो सकती है।



