गरूड़ चट्टी पुल से युवक की गंगा में छलांग का वीडियो वायरल, रोमांच बना जानलेवा खतरा

ऋषिकेश: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक गरूड़ चट्टी पुल से गंगा नदी में छलांग लगाता नजर आ रहा है। यह घटना लक्ष्मणझूला–नीलकंठ मार्ग की बताई जा रही है।
वीकेंड पर जहां एक ओर पर्यटक गंगा में राफ्टिंग और प्राकृतिक सुंदरता का आनंद ले रहे हैं, वहीं कुछ लोग रोमांच के नाम पर अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। पुल की ऊंचाई से गंगा में कूदना बेहद खतरनाक है, क्योंकि नदी का बहाव तेज होता है और नीचे चट्टानें भी मौजूद रहती हैं। ऐसी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
हालांकि पुलिस ने फिलहाल इस घटना से इंकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि ऐसा कोई ताजा मामला सामने नहीं आया है और संभव है कि वायरल हो रहा वीडियो पुराना हो।
चौंकाने वाली बात यह है कि पुल के पास ही पुलिस चौकी मौजूद है और वहां नियमित रूप से पुलिस बल तैनात रहता है, इसके बावजूद लोग इस तरह की खतरनाक हरकतें कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो नीचे से गुजर रही एक राफ्ट में बैठे युवकों ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया।



