पाववाला सौड़ा में दशकों बाद सड़क निर्माण का रास्ता साफ, 27.78 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति मिली – Hindi National News
उत्तराखण्ड समाचार

पाववाला सौड़ा में दशकों बाद सड़क निर्माण का रास्ता साफ, 27.78 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति मिली

देहरादून। रायपुर ब्लॉक की पाववाला सौड़ा पंचायत के ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। दशकों से पक्की सड़क का इंतजार कर रहे ग्रामीणों की मांग आखिरकार पूरी होने जा रही है। एयरपोर्ट-रायपुर मुख्य मार्ग से पाववाला सौड़ा तक करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे मार्ग के निर्माण के लिए 27.78 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। सड़क निर्माण से क्षेत्र के सैकड़ों लोगों को लाभ मिलेगा।

दरअसल, पाववाला सौड़ा के ग्रामीणों को अब तक एयरपोर्ट-रायपुर मुख्य मार्ग तक पहुंचने के लिए वन क्षेत्र से गुजरने वाले कच्चे रास्ते का इस्तेमाल करना पड़ता था। पक्की सड़क नहीं होने के कारण लोगों को रोजाना आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ता था। खासकर बरसात के मौसम में कच्चे रास्ते पर पानी भर जाने से आवागमन मुश्किल हो जाता था।

हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"

सड़क निर्माण के लिए भारत सरकार से मंजूरी मिलने के बाद प्रदेश सरकार ने 0.70 हेक्टेयर वन भूमि लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) को हस्तांतरित कर दी थी। अब मार्ग निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति भी मिल गई है।

स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ

स्थानीय निवासी विजय पंवार ने बताया कि पक्की सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीणों को लंबे समय से कच्चे रास्ते से आवाजाही करनी पड़ रही थी। बरसात के दिनों में रास्ते पर पानी भरने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ जाती थीं।

वहीं, पूर्व ग्राम प्रधान राखी पंवार ने कहा कि गांव में पक्की सड़क निर्माण की मांग दशकों से की जा रही थी। उनके कार्यकाल में भी इस समस्या को शासन और प्रशासन के समक्ष उठाया गया था। अब सड़क निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति मिलने से ग्रामीणों की पुरानी मांग पूरी होने जा रही है।

वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद अब लोक निर्माण विभाग की ओर से डेढ़ किलोमीटर लंबे मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। सड़क बनने से पाववाला सौड़ा के ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी और बरसात के दौरान होने वाली परेशानियों से भी राहत मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button