उत्तराखण्ड समाचार

लक्सर रेलवे स्टेशन पर बम की सूचना से हड़कंप, सघन चेकिंग के बाद आरोपी गिरफ्तार

लक्सर (रुड़की)। लक्सर रेलवे स्टेशन पर बम रखे होने की सूचना से गुरुवार सुबह हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ की टीमें हरकत में आ गईं और स्टेशन परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। घंटों की जांच के बाद कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली, जिसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

लक्सर जीआरपी थानाध्यक्ष रचना देवरानी ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर स्टेशन पर बम होने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही एसपी रेलवे अरुणा भारती के निर्देश पर जीआरपी, आरपीएफ और बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) ने प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रतीक्षालय, टिकटघर और यार्ड समेत सभी संवेदनशील स्थानों की गहन जांच की।

एहतियातन रुड़की सहित डौसनी, लंढौरा, ऐथल, पथरी और रायसी जैसे आसपास के रेलवे स्टेशनों को भी अलर्ट कर दिया गया। व्यापक तलाशी अभियान के दौरान किसी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

इस बीच पुलिस ने सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने की कार्रवाई जारी रखी। जांच में आरोपी की पहचान कुलबीर निवासी खानपुर के रूप में हुई। पुलिस टीम ने उसे हिरासत में लेकर उस मोबाइल फोन को भी बरामद कर लिया, जिससे कॉल की गई थी।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि झूठी सूचना देकर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button