वसंतोत्सव 2026: लोक भवन में 27 फरवरी से 1 मार्च तक, थीम ‘फ्लोरल हीलिंग’

देहरादून के लोक भवन में 27 फरवरी से 1 मार्च 2026 तक वसंतोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष की थीम ‘फ्लोरल हीलिंग’ रखी गई है। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने बताया कि हर वर्ष लोग इस उत्सव का बेसब्री से इंतजार करते हैं। यह आयोजन पुष्प पर्यटन के साथ-साथ स्थानीय पर्यटन और उत्पादों को भी सशक्त मंच प्रदान करता है तथा देहरादून की सांस्कृतिक, आर्थिक और पर्यावरणीय पहचान बन चुका है।
27 फरवरी को सुबह 11 बजे उद्घाटन के बाद प्रदर्शनी दोपहर 1 बजे से शाम 6 बजे तक आमजन के लिए निःशुल्क खुली रहेगी। 28 फरवरी और 1 मार्च को प्रदर्शनी सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक खुली रहेगी। राज्यपाल ने कहा कि वसंतोत्सव स्वस्थ जीवन और सामाजिक समरसता का उत्सव है।
उत्सव में पुष्प कृषि की नई संभावनाओं को बढ़ावा दिया जाएगा। फूल श्रद्धा, पवित्रता और समर्पण के प्रतीक हैं तथा बाहरी सौंदर्य के साथ आंतरिक चेतना की जागरूकता का भी संदेश देते हैं। इस दौरान 15 मुख्य प्रतियोगिताएं, 55 उपश्रेणियां और कुल 165 पुरस्कार दिए जाएंगे। कट फ्लावर, पॉटेड प्लांट और हैंगिंग पॉट्स जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। दिव्यांग बच्चों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता भी रखी गई है। इस वर्ष पहली बार हाइड्रोपोनिक तकनीक को भी प्रतियोगिता में शामिल किया गया है।
उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय और आईटीडीए द्वारा आगंतुकों की संख्या और इमोशनल मैपिंग के लिए एक विशेष ऐप तैयार किया गया है। पहली बार रिदमिक योगा का सजीव प्रदर्शन एनआईईपीवीडी के विद्यार्थियों द्वारा किया जाएगा। फूड कोर्ट में विभिन्न प्रकार के मिलेट्स उपलब्ध रहेंगे। साथ ही डाक टिकट प्रदर्शनी और आर्ट गैलरी भी आकर्षण का केंद्र होंगी। तीन उत्कृष्ट कृषकों और तीन उत्कृष्ट महिला कृषकों को गवर्नर अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा, जिसके लिए अलग समिति गठित की गई है।



