उत्तराखण्ड समाचार

9 से 13 मार्च तक भराड़ीसैंण में होगा बजट सत्र

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने विधानसभा के बजट सत्र की तिथि घोषित कर दी है। ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में 9 से 13 मार्च 2026 तक बजट सत्र आयोजित किया जाएगा। विधायी एवं संसदीय कार्य विभाग ने इस संबंध में विधानसभा सचिवालय को पत्र भेज दिया है। राज्यपाल की अनुमति के बाद औपचारिक अधिसूचना जारी की जाएगी।

पिछले वर्ष भवन में मरम्मत कार्य के चलते बजट सत्र देहरादून में आयोजित किया गया था, लेकिन इस बार सत्र गैरसैंण में ही कराने का निर्णय लिया गया है। कैबिनेट ने तिथि और स्थान तय करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अधिकृत किया था, जिन्होंने पहले ही संकेत दे दिए थे कि सत्र गैरसैंण में होगा।

500 से अधिक प्रश्न पहुंचे

सत्र को लेकर पक्ष और विपक्ष के विधायक सक्रिय नजर आ रहे हैं। विधानसभा सचिवालय को अब तक 500 से अधिक प्रश्न प्राप्त हो चुके हैं। सत्र शुरू होने में अभी समय है, ऐसे में प्रश्नों की संख्या और बढ़ने की संभावना है। इसके अलावा सरकार की ओर से कई विधेयक और वार्षिक प्रतिवेदन रिपोर्ट भी सदन पटल पर रखी जाएंगी।

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि भराड़ीसैंण में बजट सत्र आयोजित करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सचिवालय के कर्मचारी व्यवस्थाओं में जुटे हैं और राज्यपाल की अनुमति मिलते ही अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।

बजट सत्र के दौरान क्षेत्रीय समस्याओं और विभिन्न मुद्दों पर सदन में व्यापक चर्चा होने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button