राम-भरत मिलाप का मंचन, रामलीला में दर्शकों ने देखा रंगारंग दृश्य

बागेश्वर। बागेश्वर के नुमाइशखेत मैदान में आयोजित रामलीला का मंचन जारी है। सातवें दिन की लीला में राम-भरत मिलाप, सूर्पनखा नासिक छेदन और अन्य प्रसंगों का प्रदर्शन किया गया।
रविवार की रात कार्यक्रम की शुरुआत भरत और शत्रुघ्न के ननिहाल लौटने से हुई। इसके बाद दर्शकों ने भरत-कैकयी, भरत-कौशल्या, और शत्रुघ्न-मंथरा संवाद सुने। मंचन में भरत ने राम को मनाने जाने का दृश्य निभाया और राम-भरत का मिलाप दर्शकों के सामने हुआ। इसके बाद भरत ने खड़ाऊ लेकर लौटने का दृश्य पेश किया।
राम का वनवास प्रस्थान, पंचवटी में सूर्पनखा का प्रवेश, सूर्पनखा द्वारा राम और लक्ष्मण को रिझाने का प्रयास, और राम के आदेश पर लक्ष्मण द्वारा सूर्पनखा की नाक काटने का दृश्य भी मंचित किया गया। सूर्पनखा के पात्र में मनोज कुमार ने आकर्षक नृत्य कर दर्शकों का मन मोह लिया। अन्य कलाकारों ने भी अपने अभिनय से रात भर दर्शकों को बांधे रखा।
इस अवसर पर रामलीला कमेटी के अध्यक्ष दीप लाल साह, नवीन साह, पंकज पांडेय, विजय वर्मा, हरीश सोनी, कंचन साह, उमेश साह, आशीष साह, चेतन नगरकोटी, मनोज जोशी, मनोज पांडेय, विजय परिहार आदि उपस्थित रहे।