उत्तराखण्ड समाचार

धर्मेंद्र की अस्थियों का हरिद्वार में विसर्जन, पूजा के बाद देओल परिवार मुंबई रवाना

हरिद्वार।
बुधवार सुबह दिग्गज फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र की अस्थियों का गंगा में विधि-विधान के साथ विसर्जन किया गया। अंतिम संस्कार के बाद अस्थि कलश लेकर हरिद्वार पहुंचे उनके बेटे सनी देओल और बॉबी देओल ने परंपरागत पूजा-अर्चना के साथ अपने पिता को अंतिम विदाई दी। हरकी पैड़ी पर मुख्य अस्थि-विसर्जन की विधि सनी देओल के बेटे करण ने पूरी की, जहां परिवार गहन भावनाओं के बीच मौजूद रहा।

सूत्रों के अनुसार, श्रवणनाथ नगर स्थित एक निजी होटल के पीछे गंगा घाट पर सुबह करीब सात बजे पूरे धार्मिक कर्मकांड सम्पन्न किए गए। तीर्थ पुरोहित राहुल श्रोत्रिय ने सभी विधियों का संचालन किया और इसकी पुष्टि भी की। इसके बाद परिवार ने घाट पर पूजा-अर्चना और स्नान कर निर्धारित परंपराओं का पालन किया।

अस्थि-विसर्जन कार्यक्रम पूरी तरह गोपनीयता के बीच आयोजित किया गया। परिवार ने मीडिया से दूरी बनाए रखी और मौके पर मौजूद चुनिंदा लोगों को भी किसी तरह की जानकारी साझा न करने के निर्देश दिए गए थे। घाट से होटल और वहां से जौलीग्रांट एयरपोर्ट तक देओल परिवार की पूरी मूवमेंट सुरक्षा और शांति के माहौल में सम्पन्न कराई गई। किसी प्रकार की औपचारिकता या सार्वजनिक उपस्थिति से बचते हुए परिवार सीधे हवाईअड्डे के लिए रवाना हो गया।

धर्मेंद्र, जो हिन्दी सिनेमा के सबसे सम्मानित और लोकप्रिय कलाकारों में गिने जाते हैं, का 24 नवंबर को मुंबई में 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। उनके जाने से फिल्म जगत और प्रशंसकों में गहरा शोक है। सनी और बॉबी देओल पिछले कई दिनों से पिता की अंतिम रस्मों में जुटे हुए हैं और हरिद्वार में सम्पन्न यह अंतिम संस्कार का चरण परिवार के लिए अत्यंत भावुक और निजी क्षण रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button