होलीक्रॉस नर्सिंग कॉलेज में धर्मांतरण का आरोप, छात्रा ने की प्रिंसिपल के खिलाफ शिकायत

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक मिशनरी नर्सिंग कॉलेज में ईसाई धर्मांतरण का खेल सामने आया है। यहाँ छात्राओं पर ईसाइयत अपनाने का दबाव डाला जाता है। अगर वह न मानें तो परीक्षा न देने के साथ अन्य तरह से परेशान किया जाता है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना जशपुर के कुनकुरी थाना क्षेत्र के तहत होलीक्रॉस नर्सिंग कॉलेज है। यहाँ नर्सिंग की फाईनल ईयर की छात्रा ने प्रिंसिपल विंसी जोसेफ पर धर्मांतरण का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। छात्रा का कहना है कि जीएनएम फर्स्ट ईयर में एडमिशन लेने के तीन महीने के बाद प्रिंसिपल ने अपने पास बुलाकर हिंदू से ईसाई बनने का ऑफर दिया।
छात्रा ने इस बात को नजरअंदाज किया तो ये प्रस्ताव, दबाव में बदल गया। प्रिंसिपल विंसी बार-बार धर्मांतरण कर नन बनने के लिए कहती। जब छात्रा ने इसके लिए साफ तौर पर मना कर दिया तो कॉलेज प्रबंधन ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया। उसकी अटेंडेंस नहीं लगाई जाती थी। छात्रा ने बताया कि उसे कक्षा से बाहर कर दिया जाता था। उसके कॉलेज परिसर में आने से रोक लगा दी गई। फिर 1 अप्रैल 2024 को उसे हॉस्टल से निकाल दिया गया। पढ़ाई और वार्षिक परीक्षा में भी न बैठने देने का प्रयास किया गया।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
छात्रा ने इस बात की शिकायत उच्चाधिकारियों से की तो उसे परीक्षा में तो बैठने दिया गया लेकिन प्रैक्टिकल परीक्षा में फेल करने की धमकी दी। अब इस पूरे मामले पर छात्रा ने कलेक्टर और एसपी से लिखित शिकायत कर कार्रवाई की माँग की है। पीड़ित छात्रा के पिता दिव्यांग हैं। उसकी माँ ने मीडिया को बताया,”बेटी ने कई बार इस प्रताड़ना के विषय में जानकारी दे चुकी है। उसे कॉलेज की सिस्टर (प्रिंसिपल) बार बार उसे नन बनने को कहती थी। मैंने उसे हमेशा यही का कि वो पढ़ाई पर ध्यान दे। अगर नन ही बनना है तो हमारे हिंदू धर्म में भी ब्रह्मकुमारी हैं। उसमें चली जाना। कॉलेज वाले लोग बच्ची की छोटी सी गलती पर भी हमको बुला कर बहुत डाँटते थे। हम कुछ नहीं कहते थे क्योंकि हम गरीब लोग हैं। बच्ची को किसी तरह पढ़ा रहे हैं।”
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
छात्रा के साथ हुई इस मानसिक प्रताड़ना को लेकर छत्तीसगढ़ के भाजपा नेता और अखिल भारतीय घर वापसी संगठन के प्रमुख प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर लिखा,”शिक्षा के आड़ में धर्मांतरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। होलीक्रॉस नर्सिंग कॉलेज (कुनकुरी) जिला जशपुर में बहन छात्रा को जबरन प्रताड़ित कर धर्मांतरण करने वालों को बिलकुल बख्शा न जाए, संबंधित प्राचार्या के खिलाफ कानूनी कारवाई हो और उस संस्था की मान्यता रद्द करके तत्काल बंद किया जाए।” इस घटना के बाद हिंदू संगठनों में रोष व्याप्त है। विश्व हिंदू परिषद के जिला प्रमुख करनैल सिंह ने गरीब हिंदू लड़की के धर्मांतरण करने के खिलाफ आरोपितों पर तुरंत कार्रवाई करने और कॉलेज को बंद करने की माँग की है।




