विधानसभा चुनाव में अधिकांश सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी

अल्मोड़ा। उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी (उपपा) ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में प्रदेश की अधिकांश सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने की घोषणा की है। पार्टी ने इसके साथ ही राज्यभर में ‘परिवर्तन यात्रा’ निकालने का भी ऐलान किया है, जिसके माध्यम से गांव-गांव जाकर जनता से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा और उत्तराखंड से जुड़े मूल मुद्दों पर जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।
अल्मोड़ा में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी के केंद्रीय संयोजक पी.सी. तिवारी ने कहा कि परिवर्तन यात्रा के दौरान जल, जंगल, जमीन, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पलायन और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों को जनता के बीच प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं का ध्यान रोजगार और शिक्षा जैसे मूल मुद्दों से भटकाने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि राज्य को जनहित आधारित राजनीति की आवश्यकता है।
उपपा ने स्पष्ट किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में रोजगार सृजन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, किसानों और मजदूरों के अधिकारों की रक्षा, महिलाओं की सुरक्षा तथा सामाजिक न्याय जैसे विषय उसकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेंगे।
प्रेस वार्ता में पार्टी के केंद्रीय प्रधान महासचिव नरेश नौड़ियाल, आनंदी वर्मा, नारायण राम, किरण आर्या सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।



