उत्तराखण्ड समाचार

उत्तरकाशी के छात्रों की अनोखी पहल: झपकी लेते ही बजेगा अलार्म, शराब पीने पर स्टार्ट नहीं होगी कार

उत्तरकाशी। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने की दिशा में सराहनीय पहल करते हुए राजकीय इंटर कॉलेज गेंवला ब्रहमखाल के दो छात्रों ने स्मार्ट सेफ्टी डिवाइस तैयार की है। यह डिवाइस ड्राइविंग के दौरान नींद आने पर चालक को सतर्क करती है और शराब पीकर वाहन चलाने से रोकती है।

विद्यालय की छात्रा प्रिया नेगी और छात्र अखिल राणा ने राष्ट्रीय स्तर की ऑनलाइन ‘क्षेत्रीय जिज्ञासा 2025-26’ प्रतियोगिता में अपने-अपने मॉडल प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता का आयोजन Samsung और Agastya International Foundation द्वारा किया गया था। इसमें प्रिया नेगी ने द्वितीय तथा अखिल राणा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

नींद आने पर अलार्म से करेगा सतर्क

प्रिया नेगी ने “स्लीपिंग कंट्रोल डिवाइस फॉर ड्राइविंग” मॉडल तैयार किया है। यह डिवाइस लंबी दूरी की यात्रा के दौरान ड्राइवर की आंखों की गतिविधियों पर नजर रखती है। जैसे ही चालक को झपकी आती है या आंखें अधिक समय तक बंद रहती हैं, डिवाइस अलार्म बजाकर उसे सचेत कर देती है, जिससे संभावित दुर्घटना टल सकती है।

शराब पीने पर वाहन नहीं होगा स्टार्ट

अखिल राणा द्वारा तैयार “अल्कोहल कंट्रोल डिवाइस फॉर व्हीकल” सेंसर आधारित प्रणाली है। यदि चालक ने शराब का सेवन किया है, तो यह डिवाइस वाहन के इंजन को स्टार्ट नहीं होने देती। यदि वाहन चल रहा हो और शराब की पुष्टि हो जाए, तो सिस्टम उसे सुरक्षित तरीके से बंद करने में सक्षम है।

इन जीवन रक्षक मॉडलों का निर्माण विद्यालय के सहायक अध्यापक धनवीर शाह के मार्गदर्शन में किया गया। छात्रों की इस वैज्ञानिक सोच और नवाचार को क्षेत्र में सराहना मिल रही है। यह पहल भविष्य में सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button