उत्तराखण्ड समाचार

उत्तराखंड में बढ़ेगी ठंड, पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी के आसार, मैदानी इलाकों में घने कोहरे का येलो अलर्ट

देहरादून।
उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 30 और 31 दिसंबर को प्रदेश के पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है। वहीं हरिद्वार, देहरादून, ऊधमसिंह नगर के अलावा चंपावत, नैनीताल और पौड़ी जिलों में घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। 31 दिसंबर को भी मौसम की स्थिति लगभग ऐसी ही बनी रहेगी, जिससे प्रदेशभर में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

यातायात पर पड़ा असर
घने कोहरे का असर हवाई और रेल यातायात पर भी देखने को मिला। राजधानी देहरादून में रविवार शाम से छाया कोहरा सोमवार सुबह तक बना रहा, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई। देहरादून एयरपोर्ट पर सुबह 12:30 बजे तक कोई भी फ्लाइट लैंड नहीं कर सकी। इसके अलावा विभिन्न शहरों से देहरादून आने वाली तीन उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा, जबकि तीन फ्लाइटें देरी से पहुंचीं।

रेल यातायात भी प्रभावित रहा और देहरादून आने वाली तीन ट्रेनें अपने निर्धारित समय से लेट रहीं। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button