उत्तराखण्ड समाचार

घने कोहरे से हवाई यातायात प्रभावित, देहरादून एयरपोर्ट पर कई उड़ानें रद्द और डायवर्ट

जौलीग्रांट (देहरादून)। देहरादून जिले में घने कोहरे के कारण जनजीवन और हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। दून एयरपोर्ट पर सुबह आठ से दस बजे के बीच आने वाली कई उड़ानें कोहरे के कारण लैंड नहीं कर सकीं। इंडिगो की अहमदाबाद, दिल्ली और जयपुर से आने वाली उड़ानें तथा एयर इंडिया की मुंबई से आने वाली फ्लाइट एयरपोर्ट नहीं पहुंच पाईं।

देहरादून एयरपोर्ट और आसपास के इलाकों में रविवार शाम से ही घना कोहरा छाया हुआ है। सोमवार सुबह कोहरे की वजह से दृश्यता बेहद कम रही, जिससे सामान्य जीवन प्रभावित हुआ। सड़कों पर वाहन हेडलाइट जलाकर धीमी गति से चलते नजर आए। सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों को उठानी पड़ी, जिन्हें कड़ाके की ठंड के बीच स्कूल जाना पड़ा।

कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से सुबह की कई उड़ानें प्रभावित हुईं। इसके अलावा रविवार शाम जयपुर और मुंबई से आ रही दो उड़ानों को डायवर्ट भी करना पड़ा। फिलहाल क्षेत्र में घना कोहरा बना हुआ है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार नए साल से पहले मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। 30 और 31 दिसंबर के साथ ही 1 और 2 जनवरी को पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। वहीं 29 दिसंबर को देहरादून समेत छह जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून, पौड़ी, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, चंपावत और नैनीताल के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की आशंका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button