उत्तराखण्ड समाचार

कुख्यात विनय त्यागी पर हमला: गोली चलाने वाले दोनों आरोपी गिरफ्तार

रुड़की।
पुलिस अभिरक्षा में अदालत में पेशी के लिए ले जाए जा रहे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात बदमाश विनय त्यागी पर गोली चलाने वाले दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को खानपुर थाना क्षेत्र के जंगल से दबोचा गया। उनके पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए तमंचे भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी सन्नी यादव उर्फ शेरा, निवासी गुलजारपुर, थाना काशीपुर (ऊधमसिंहनगर) ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि उसने अपने साथी अजय, निवासी खरमासा कॉलोनी, काशीपुर के साथ मिलकर पैसों के लेनदेन के विवाद में विनय त्यागी की हत्या के इरादे से उस पर गोलियां चलाई थीं। दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है और वे पहले डकैती के एक मामले में जेल जा चुके हैं।

पुलिस ने बताया कि सन्नी और विनय त्यागी के बीच पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। रकम मांगने पर कथित तौर पर विनय त्यागी द्वारा धमकी दिए जाने से सन्नी नाराज था, जिसके बाद उसने हत्या की साजिश रची। आरोपी लंबे समय से विनय त्यागी की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे। रुड़की कारागार से लक्सर कोर्ट में पेशी की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने लक्सर–रुड़की मार्ग पर रेकी की और बुधवार को वारदात को अंजाम दिया।

गोलीबारी के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस की घेराबंदी के चलते उन्हें बाइक छोड़कर जंगल के रास्ते भागने की कोशिश करनी पड़ी। पुलिस ने कांबिंग अभियान के दौरान खानपुर थाना क्षेत्र में सिकंदरपुर गांव के पास, बिजनौर हाईवे के नजदीक जंगल से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

एसएसपी हरिद्वार प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button