उत्तराखण्ड समाचार

सीएम धामी ने थामा रैकेट..फिट और फोकस्ड रहने का दिया संदेश…बैडमिंटन कोर्ट में दिखा अलग अंदाज

देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड सचिवालय बैडमिंटन क्लब द्वारा आयोजित 10वीं अंतर्विभागीय बैडमिंटन प्रतियोगिता–2025 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं बैडमिंटन खेलकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और फिट व फोकस्ड रहने का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शासकीय कार्यों की व्यस्तता के बावजूद कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए खेल गतिविधियों में भाग लेना अत्यंत आवश्यक है। खेल न केवल जीवन में अनुशासन लाते हैं, बल्कि तनाव कम करने और शरीर को स्वस्थ रखने में भी सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि निरोगी शरीर मनुष्य की सबसे बड़ी पूंजी है और इसे बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम खेल हैं।

शनिवार को परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देशीय क्रीड़ा हॉल में आयोजित इस प्रतियोगिता में राज्य के 42 विभागों के कर्मचारी और अधिकारी भाग ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह प्रतियोगिता भविष्य में भी निरंतर आयोजित होती रहेगी और कर्मचारियों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेगी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड हर क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है। हाल ही में राज्य में राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन हुआ, जिससे खेल अवसंरचना और सुविधाओं में उल्लेखनीय विस्तार हुआ है।

उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड को ‘खेल भूमि’ के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि राज्य के युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button