उत्तराखण्ड समाचार

26 खेल स्पर्धाओं के साथ उत्तराखंड में खेलों का महाआयोजन, विजेता को मिलेगा पांच लाख का पुरस्कार

देहरादून।
उत्तराखंड में खेल संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के उद्देश्य से इस वर्ष खेल महाकुंभ को नए स्वरूप में मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी 2025-26 के रूप में आयोजित किया जा रहा है। इस बहुप्रतीक्षित खेल आयोजन का शुभारंभ 23 दिसंबर से होगा और इसका समापन 28 जनवरी को किया जाएगा। खेल मंत्री रेखा आर्या ने सचिवालय में आयोजित पत्रकारवार्ता के दौरान इस प्रतियोगिता की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता न्याय पंचायत, विधानसभा, संसदीय क्षेत्र और राज्य स्तर—इन चार चरणों में आयोजित की जाएगी, जिससे प्रदेश के हर कोने से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।

खेल मंत्री ने बताया कि इस चैंपियनशिप के अंतर्गत कुल 26 खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा, जिनमें आधुनिक खेलों के साथ-साथ परंपरागत खेलों को भी विशेष रूप से शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी का विजेता खिलाड़ियों द्वारा जीते गए पदकों के आधार पर प्राप्त अंकों के योग से तय किया जाएगा और विजेता को ट्रॉफी के साथ पांच लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त सांसद ट्रॉफी जीतने वाली टीम को दो लाख रुपये और विधानसभा ट्रॉफी जीतने वाली टीम को एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने यह भी जानकारी दी कि यदि कोई खिलाड़ी इस प्रतियोगिता के दौरान राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ता है, तो उसे एक लाख रुपये की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। चैंपियनशिप के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 14 अक्तूबर से शुरू हो चुकी है और अब तक एक लाख 10 हजार से अधिक खिलाड़ी अपना ऑनलाइन पंजीकरण करा चुके हैं। ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 22 दिसंबर निर्धारित की गई है।

प्रदेश के दिव्यांग खिलाड़ियों को भी इस आयोजन में विशेष अवसर प्रदान किए गए हैं। उनके लिए एथलेटिक्स, बैडमिंटन और तैराकी की अलग-अलग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनके लिए पंजीकरण प्रक्रिया पहले ही शुरू की जा चुकी है। खेल मंत्री ने इसे समावेशी खेल संस्कृति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

आयोजन की तैयारियों को लेकर खेल मंत्री ने सचिवालय स्थित एनआईसी कार्यालय से सभी जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग भी की। उन्होंने निर्देश दिए कि ट्रायल और प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रत्येक खिलाड़ी के पास जूते और ट्रैकसूट होना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सर्दी के मौसम को देखते हुए खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं करने, सभी खेल स्थलों पर स्वास्थ्य विभाग की टीम तैनात रखने, आवश्यकता पड़ने पर खिलाड़ियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था करने के भी स्पष्ट निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी 2025-26 को प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को पहचान और प्रोत्साहन देने की दिशा में एक बड़े और निर्णायक कदम के रूप में देखा जा रहा है, जिससे उत्तराखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button