उत्तराखण्ड समाचार

स्कूल परिसर में 161 जिलेटिन छड़ें बरामद

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा जनपद के सल्ट क्षेत्र में स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डभरा में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब स्कूल परिसर की झाड़ियों से जिलेटिन की 161 बेलनाकार छड़ें बरामद हुईं। विस्फोटक सामग्री मिलने की जानकारी उस समय सामने आई, जब विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य सुभाष सिंह को झाड़ियों में संदिग्ध पैकेट दिखाई दिए। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया।

सूचना मिलते ही अपर उपनिरीक्षक दीवान सिंह बिष्ट और लोमेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर ली। संभावित खतरे को देखते हुए ऊधमसिंह नगर और नैनीताल जिलों की बम निरोधक स्क्वॉड तथा डॉग स्क्वॉड भी मौके पर बुलाए गए। डॉग मौली और रैम्बो की सहायता से विस्तृत तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान झाड़ियों से दो अलग-अलग स्थानों से कई पैकेट मिले, जिनकी गिनती करने पर कुल 161 जिलेटिन छड़ें बरामद हुईं।

बम निरोधक दस्ते ने सभी छड़ों को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर सील पैक किया। पूरी प्रक्रिया की रिकॉर्डिंग ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से की गई और मौके पर बरामदगी की आधिकारिक फर्द भी तैयार की गई। इस मामले में पुलिस ने धारा 4(क) विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908 और 288 बीएनएस के तहत अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सबसे बड़ा सवाल यही है कि इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री स्कूल परिसर तक कैसे पहुंची और किसने इसे यहां छिपाया। पुलिस इस दिशा में गंभीरता से जांच कर रही है, और अधिकारियों का कहना है कि बहुत जल्द इस पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button