उत्तराखण्ड समाचार

मसूरी मालरोड बैरियर पर जल्द शुरू होगी फास्ट टैग सुविधा

देहरादून।  मसूरी आने वाले पर्यटकों के लिए राहत भरी खबर है। आने वाले दो महीनों में मालरोड बैरियर से प्रवेश करने के लिए फास्ट टैग प्रणाली शुरू की जाएगी। नगर पालिका की हालिया बोर्ड बैठक में इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई है। बैठक में कुल 37 प्रस्ताव रखे गए, जिनमें से 35 पर मुहर लगी। इन प्रस्तावों में शहर के विकास, पार्किंग निर्माण, सफाई व्यवस्था, सड़क सुरक्षा और राजस्व वृद्धि से जुड़े कई अहम फैसलों को आगे बढ़ाया गया।

बैठक के दौरान यह स्पष्ट किया गया कि मालरोड के दोनों बैरियर पर आधुनिक बूम बैरियर और स्कैनिंग कैमरे लगाए जाएंगे, जिनके साथ फास्ट टैग की सुविधा जोड़ी जाएगी। इससे पर्यटकों को लंबी कतारों से राहत मिलेगी और नगर पालिका की आय में भी वृद्धि होगी। स्थानीय निवासियों को पास जारी किए जाएंगे ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।

नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने बोर्ड बैठक में शहर के विभिन्न विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। टिहरी बस स्टैंड व सिविल अस्पताल के पास पार्किंग निर्माण, मौसी फॉल का सौंदर्यीकरण, झड़ीपानी स्कूल में आंगनबाड़ी कक्ष निर्माण, बार्लोगंज सनातन मंदिर के पास पार्किंग, ओल्ड टिहरी बस अड्डे पर पार्किंग निर्माण और रोपवे ट्रॉली के लिए पुनः टेंडर प्रक्रिया जैसे कई प्रस्ताव पास किए गए। लाइब्रेरी गाड़ीखाना पार्किंग की ई-निविदा फिर से जारी करने और म्यूजियम कैफेटेरिया को बाजार दर पर किराए पर देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।

इसके साथ ही शहर के हुसैनगंज क्षेत्र का नाम बदलकर कृष्णानगर करने का प्रस्ताव भी पास हुआ। स्ट्रीट डॉग शेल्टर हाउस निर्माण, आवारा पशुओं के रजिस्ट्रेशन, और नगर पालिका के सार्वजनिक शौचालयों को एक ही फर्म के हवाले करने जैसे प्रशासनिक निर्णय भी बोर्ड द्वारा स्वीकार किए गए। स्वच्छ सर्वेक्षण में प्रथम स्थान हासिल करने पर मिले 25 लाख रुपये में से आधा हिस्सा पर्यावरण मित्रों पर और बाकी ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर खर्च किया जाएगा।

बोर्ड बैठक में छह लाइनमैन की नियुक्ति, स्काई लिफ्ट की खरीद, सभागार को सुसज्जित करने, सर्दियों के लिए अलाव की लकड़ी खरीदने और पूरे शहर में सीसीटीवी कैमरे लगाने पर भी सहमति बनी। नगर पालिका के वाहनों के डीजल खर्च से जुड़े 13.79 लाख रुपये के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।

बैठक के दौरान कुछ मुद्दों पर विरोध भी सामने आया। विशेष रूप से सैनिक विश्राम गृह के लिए 2.5 बीघा भूमि देने के प्रस्ताव का सभासद सचिन गुहेर ने विरोध किया। पेट्रोल पंप किराए से जुड़े मामले पर भी कुछ सदस्यों ने अधिशासी अधिकारी से संतोषजनक जानकारी न मिलने की बात कही।

इसी बैठक में झूलाघर स्थित बड़े झूले को हटाने का निर्णय भी लिया गया। साथ ही एमडीडीए द्वारा निर्मित टाउन हॉल में की गई क्षति की मरम्मत कराने का प्रस्ताव भी पारित हुआ।

नगर पालिका ईओ तनवीर मारवाह ने बताया कि मालरोड प्रवेश बैरियरों पर फास्ट टैग प्रणाली दो माह के भीतर शुरू कर दी जाएगी। इससे न केवल व्यवस्था सुचारू होगी बल्कि पालिका की राजस्व आय में भी अच्छा खासा इजाफा होने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button