उत्तराखण्ड समाचार

भ्रष्टाचार के खिलाफ युवाओं को संगठित करेगा स्वाभिमान मोर्चा

उत्तरकाशी। पुरोला नगर पालिका सभागार में रविवार को आयोजित ‘नव चेतना एवं जन जागृति संवाद कार्यक्रम’ में उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा ने युवाओं से भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और विकास से जुड़ी समस्याओं के खिलाफ संगठित होकर संघर्ष करने का आह्वान किया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बॉबी पंवार ने किया।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि राज्य की सरकारी और निजी नौकरियों में लगातार भ्रष्टाचार पनप रहा है, जिससे युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। नौकरियों की बिक्री और सत्ता की मिलीभगत ने न केवल युवाओं के सपनों को तोड़ा है, बल्कि राज्य की मूल आत्मा को भी कमजोर किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले वर्षों में सरकारों ने उत्तराखंड की मूल अवधारणा — जल, जंगल, जमीन और जवानी — को दरकिनार कर विकास के नाम पर जनता को भ्रमित किया है।

बॉबी पंवार ने कहा कि अब समय आ गया है जब युवाओं को अपनी आवाज बुलंद करनी होगी और भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट होकर खड़ा होना होगा। उन्होंने कहा कि “उत्तराखंड का भविष्य तभी सुरक्षित होगा जब युवा अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरेंगे और अन्याय के खिलाफ संघर्ष करेंगे।”

स्वाभिमान मोर्चा का उद्देश्य युवाओं को राजनीतिक और सामाजिक रूप से जागरूक कर उन्हें राज्य के सशक्त नागरिक के रूप में खड़ा करना है। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि अब उत्तराखंड के युवाओं को अपने राज्य के भविष्य की बागडोर खुद संभालनी होगी।

इस अवसर पर छात्र संघ अध्यक्ष गोविंद सिंह, जगवीर रावत, कुलदीप समाजसेवी, किशन सिंह रावत, दयाराम नेगी, महेंद्र सिंह राणा, नवीन चौहान, अमीन सिंह राणा, भारत सिंह राणा, नीरज नौटियाल और बचन सिंह राणा सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button