उत्तरकाशी: भाई दूज पर यमुनोत्री धाम के कपाट बंद, अगले छह महीने होंगे दर्शन खरसाली में

देहरादून। यमुनोत्री धाम के कपाट इस साल भाई दूज के पावन पर्व पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। दशहरा पर्व के अवसर पर यमुनोत्री धाम के कपाट बंद करने का मुहूर्त निर्धारित किया गया।
यमुनोत्री मंदिर समिति के अनुसार, गुरुवार 23 अक्टूबर को धन लग्न, अमृत वेला में दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर विधि-विधान के साथ कपाट बंद होंगे। इस दौरान विशाखा नक्षत्र और आयुष्मान योग का विशेष महत्व रहेगा।
कपाट बंद होने के बाद अगले छह माह तक शीतकालीन प्रवास के लिए मां यमुना खरसाली गांव में स्थित यमुना मंदिर में विराजेंगी। इस दौरान श्रद्धालु यमुना मंदिर में ही मां यमुना के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।
यमुना मंदिर समिति के प्रवक्ता पुरुषोत्तम उनियाल ने बताया कि इस अवसर पर सुबह मां यमुना के भाई सोमेश्वर महाराज शनिदेव की डोली यमुनोत्री धाम से अपनी बहन को लेने के लिए रवाना होगी।