उत्तराखंड: पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस प्रदेशभर में प्रदर्शन करेगी

देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक होने के बाद कांग्रेस ने राज्यभर में सोमवार को प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। पार्टी कार्यकर्ता सभी जिला मुख्यालयों में सरकार और आयोग का पुतला फूंकेंगे।
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि पेपर लीक मामले ने बेरोजगार युवाओं के साथ बड़ा धोखा किया है। कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा के निर्देश पर यह प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने सवाल उठाया कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को दिए गए तीन पन्ने कैसे बाहर आए। सोशल मीडिया पर भी इन तीन पन्नों के समान प्रश्न वायरल हुए थे।
उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय उपाध्यक्ष जयप्रकाश उपाध्याय ने भी कहा कि यह राज्य के बेरोजगारों के साथ धोखा है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने सरकार से उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की।