उत्तराखण्ड समाचार

हरिद्वार में रोडवेज बस और पिकअप की भीषण टक्कर, तीन की मौत, पांच गंभीर घायल

हरिद्वार: श्यामपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह टनकपुर डिपो की रोडवेज बस और एक पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।

यह दुर्घटना श्यामपुर क्षेत्र के 4.2 फ्लाईओवर के पास हुई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में शामिल अधिकांश लोग उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के निवासी बताए गए हैं। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का संभावित कारण तेज रफ्तार माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

मृतकों की पहचान

  • अहान (18), पुत्र शराफत, निवासी बढ़ापुर, नजीबाबाद
  • फहीम (35), पुत्र अमानत
  • एक अन्य मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

घायल

  • सोहने लाल (25), निवासी हरदोई
  • शराफत (42), निवासी बढ़ापुर, नजीबाबाद
  • शबाना (35), निवासी बढ़ापुर, नजीबाबाद
  • अनु (18), निवासी बढ़ापुर, नजीबाबाद
  • समीम (42), निवासी बिजनौर

बताया गया है कि मृतक अहान के माता-पिता शराफत और शबाना भी इस हादसे में घायल हुए हैं। पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button