उत्तराखण्ड समाचार

स्पर्श हिमालय महोत्सव का समापन: योग, नाड़ी विज्ञान और आध्यात्म पर हुआ गहन मंथन, सीएम धामी ने की सहभागिता

देहरादून। देहरादून के थानों स्थित लेखक गांव में आयोजित स्पर्श हिमालय महोत्सव 2025 का तीसरे और अंतिम दिन विशेष सत्रों के साथ संपन्न हुआ। महोत्सव के समापन सत्र में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। तीन दिन चले इस आयोजन में योग, आध्यात्म, नाड़ी विज्ञान और पर्यटन पर गहन विचार-विमर्श हुआ।

समापन दिवस पर आयोजित सत्र में नाड़ी रोग विशेषज्ञ लक्ष्मी नारायण जोशी ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि शरीर के सभी रोगों की उत्पत्ति मस्तिष्क से होती है और उनका समाधान भी वहीं निहित है। उन्होंने बताया कि आहार-विहार की अनियमितता और अनिद्रा जैसी समस्याओं के कारण आज लगभग हर व्यक्ति किसी न किसी रोग से पीड़ित है। यदि लोग संयमित और संतुलित दिनचर्या अपनाएं तथा अवचेतन मन को स्वच्छ रखें, तो अनेक रोगों को जड़ से समाप्त किया जा सकता है।

महोत्सव के दौरान कई अन्य वक्ताओं ने भी योग, आयुर्वेद और नाड़ी विज्ञान से जुड़ी अपनी ज्ञानवर्धक बातें साझा कीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम हिमालय की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि देहरादून का लेखक गांव न केवल लेखन और सृजन का केंद्र बन रहा है, बल्कि यह अब आध्यात्मिक चेतना का भी प्रतीक बन गया है।

महोत्सव में योगाचार्य, आयुर्वेद विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। तीन दिनों तक चले इस आयोजन में हिमालयी संस्कृति, स्वास्थ्य और पर्यटन के विविध पहलुओं पर सार्थक चर्चा हुई, जिससे क्षेत्रीय विकास और जनजागरण को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button