उत्तराखण्ड समाचार

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने केदारनाथ-बदरीनाथ धाम में की पूजा-अर्चना, विश्व कल्याण और उत्तराखंड की समृद्धि की कामना

रुद्रप्रयाग  ।  उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) मंगलवार सुबह केदारनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान केदारनाथ के दर्शन कर विशेष रुद्राभिषेक पूजा की। इस दौरान उन्होंने विश्व कल्याण, मानवता की समृद्धि और राज्य के सतत विकास की प्रार्थना की।

केदारनाथ दर्शन के बाद राज्यपाल बदरीनाथ धाम भी पहुंचे और वहां भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।

राज्यपाल के आगमन पर अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा और मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत ने वीआईपी हेलीपैड पर पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद राज्यपाल पैदल मार्ग से मंदिर परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान केदारनाथ का अभिषेक और पूजन-अर्चना की तथा राज्य की उन्नति और नागरिकों की खुशहाली की कामना की।

तीर्थ पुरोहित समाज ने पारंपरिक मंत्रोच्चारण और पूजा-विधि के साथ राज्यपाल का स्वागत किया। इस दौरान राज्यपाल ने कहा कि

“केदारघाटी का प्रत्येक कण शिवमय है। यहां के पर्वतों में भगवान शिव की उपस्थिति का अनुभव होता है। इस पवित्र भूमि पर कदम रखते ही मन ध्यानमग्न हो जाता है।”

पूजन के बाद उन्होंने मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं का अभिवादन किया और “जय बाबा केदार” के उद्घोष से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

पुनर्निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण

राज्यपाल ने केदारनाथ धाम में चल रहे पुनर्निर्माण और विकास कार्यों का निरीक्षण भी किया। अधिशासी अभियंता डी.डी.एम. विनय झिंकवाण ने उन्हें चल रहे निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। बताया गया कि अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं और शेष कार्य अंतिम चरण में हैं

राज्यपाल ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में यात्रा प्रबंधन और पुनर्निर्माण कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने जिला प्रशासन, मंदिर समिति, पुलिस विभाग, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और सभी सहयोगी एजेंसियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि—

“चारधाम यात्रा को सफल, सुरक्षित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने में आप सभी की भूमिका सराहनीय रही है।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button