उत्तराखण्ड समाचार

अंकिता भंडारी हत्याकांड: उर्मिला सनावर के घर पर फिर चस्पा हुए पुलिस नोटिस, बढ़ीं मुश्किलें

हरिद्वार/देहरादून।
अभिनेत्री उर्मिला सनावर की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। अलग-अलग थानों में दर्ज मामलों में बार-बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद पुलिस के सामने पेश न होने पर अब उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है। बृहस्पतिवार को हरिद्वार पुलिस की दो अलग-अलग टीमों ने सहारनपुर पहुंचकर उर्मिला सनावर के आवास पर फिर से नोटिस चस्पा किए।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तय समय के भीतर पेश न होने की स्थिति में कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट हासिल करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। उर्मिला सनावर के खिलाफ ज्वालापुर कोतवाली और झबरेड़ा थाने में दर्ज मुकदमों में नोटिस जारी किए गए हैं। इससे पहले बहादराबाद थाने में दर्ज एक अन्य मामले में भी उसे नोटिस भेजा गया था, लेकिन वह अब तक जांच में शामिल नहीं हुई है।

पुलिस तीन बार नोटिस जारी होने के बावजूद पेश न होने को गंभीरता से ले रही है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए राज्य स्तरीय एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं और एसटीएफ को भी उर्मिला सनावर की तलाश में लगाया गया है।

दरअसल, भाजपा से निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौर और खुद को उनकी पत्नी बताने वाली अभिनेत्री उर्मिला सनावर के बीच वायरल हुए एक ऑडियो क्लिप के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल मच गई थी। इस ऑडियो में अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम का नाम लिए जाने के बाद विवाद और गहरा गया।

इस प्रकरण को लेकर शिरोमणि गुरु रविदास विश्व महापीठ के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार की ओर से बहादराबाद थाने में उर्मिला सनावर और सुरेश राठौर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।

अब ज्वालापुर और झबरेड़ा थानों में भी नोटिस चस्पा किए जाने के बाद पुलिस का रुख और सख्त हो गया है। यदि उर्मिला सनावर दो दिन के भीतर पुलिस के सामने उपस्थित नहीं होती हैं, तो कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट जारी कराने की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button