उत्तराखण्ड समाचार

नए साल पर रामलला के दर्शन की खास व्यवस्था, बढ़ी भीड़ तो सात कतारों में होंगे दर्शन

अयोध्या।
नए वर्ष 2026 के आगमन को लेकर रामनगरी अयोध्या में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी है। रामलला के दर्शन के लिए प्रतिदिन करीब डेढ़ लाख श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, जबकि नए साल के पहले दिन पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना जताई जा रही है। इसे देखते हुए श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में विशेष दर्शन और सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

मंदिर प्रशासन के अनुसार यदि भीड़ अधिक हुई तो श्रद्धालुओं को सात कतारों में दर्शन कराए जाएंगे। वर्तमान में पांच कतारों में दर्शन की व्यवस्था है। नए वर्ष के पहले दिन रामलला सोने का मुकुट और रत्नजड़ित पीत वस्त्र धारण करेंगे। इस अवसर पर रामलला का विशेष अभिषेक-पूजन और भोग अर्पण किया जाएगा।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम
एसपी सुरक्षा बलरामाचारी दुबे ने बताया कि तीन लाख से अधिक श्रद्धालु रामलला के दर्शन को पहुंच सकते हैं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। दर्शन पथ, प्रतीक्षा स्थल और निकास मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। एसएसएफ, सीआरपीएफ और सिविल पुलिस के करीब 2500 जवान सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे, जबकि सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।

हनुमानगढ़ी में जत्थों में दर्शन
नववर्ष पर हनुमानगढ़ी में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जत्थों में दर्शन कराने की व्यवस्था की गई है। भीड़ बढ़ने पर मंदिर को एक घंटा पहले सुबह चार बजे खोलने की योजना है। प्रवेश और निकास मार्ग अलग-अलग रखे जाएंगे और विशेष भोग अर्पण किया जाएगा।

मां सरयू की विशेष महाआरती
नए साल के मौके पर मां सरयू की भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। सरयू तट पर 2100 बत्तियों से महाआरती और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अभिषेक किया जाएगा। इसके लिए घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button