उत्तराखण्ड समाचार

वन अधिकारियों के वर्दी भत्ते में बड़ी बढ़ोतरी

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने वन विभाग के कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए वर्दी भत्ते और धुलाई भत्ते में उल्लेखनीय बढ़ोतरी कर दी है। वन क्षेत्राधिकारी और उप वन क्षेत्राधिकारी के लिए वर्दी भत्ता अब 1500 रुपये से बढ़ाकर 3000 रुपये कर दिया गया है। इस संबंध में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु ने औपचारिक आदेश जारी कर दिए हैं।

सरकार द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार वन दरोगा, वन आरक्षी और जमादार को पहले की तरह सिलाई सहित वर्दी उपलब्ध कराई जाएगी, जो हर तीन वर्ष में एक बार प्रदान की जाएगी। इसके अलावा उप वन क्षेत्राधिकारी और वन क्षेत्राधिकारी के धुलाई भत्ते में भी बढ़ोतरी की गई है। पूर्व में जहां यह भत्ता मात्र 45 रुपये मासिक था, अब इसे बढ़ाकर 300 रुपये कर दिया गया है। इसी प्रकार वन दरोगा, वन आरक्षी और जमादार के लिए धुलाई भत्ता 30 रुपये से बढ़ाकर 200 रुपये मासिक कर दिया गया है।

वन विभाग के ये अधिकारी अत्यंत विषम परिस्थितियों में काम करते हैं। जंगली जानवरों का खतरा, वनाग्नि, प्राकृतिक आपदाएँ, भारी वर्षा-बर्फबारी, भूस्खलन और वन तस्करों की गतिविधियाँ हमेशा उनके लिए जोखिम का कारण बनी रहती हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए सरकार ने कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाने और उनके कार्यों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह महत्वपूर्ण बढ़ोतरी की है।

सरकार का मानना है कि इस निर्णय से न केवल कार्मिकों को आर्थिक राहत मिलेगी बल्कि वनों और वन्य जीवों की सुरक्षा में लगे कर्मचारियों की कार्यकुशलता और उत्साह में भी वृद्धि होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button