उत्तराखण्ड समाचार

भारी बारिश से देहरादून–मसूरी मार्ग क्षतिग्रस्त, अग्रिम आदेशों तक वाहनों की आवाजाही बंद

देहरादून। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण देहरादून–मसूरी मुख्य मार्ग पर पानी वाला बैंड (कोल्हूखेत के पास) सड़क का एक हिस्सा धंस गया है। सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने इस मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही अगले आदेश तक पूरी तरह बंद कर दी है।

उप जिला मजिस्ट्रेट (मसूरी) राहुल आनंद ने बताया कि भारी वर्षा से सड़क को गंभीर नुकसान पहुंचा है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। जन-धन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से मार्ग बंद करने का निर्णय लिया है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बंद मार्ग पर यात्रा करने का प्रयास न करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। साथ ही संबंधित विभागों को क्षतिग्रस्त सड़क का निरीक्षण कर जल्द मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार को सड़क की स्थिति का निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर यह तय किया जाएगा कि मार्ग कब और किस प्रकार वाहनों के लिए खोला जा सकेगा।

लगातार बारिश के चलते मसूरी क्षेत्र में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से मौसम विभाग की सलाह का पालन करने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button