बदरीनाथ मंदिर चढ़ावा हेराफेरी मामला: बीकेटीसी के कई कर्मचारी जांच के दायरे में

चमोली। बदरीनाथ मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले में जांच लगातार आगे बढ़ रही है। इस मामले में गिरफ्तार बीकेटीसी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को जिला एवं सत्र न्यायालय, गोपेश्वर ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया है।
पुलिस द्वारा 25 जून की सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान आरोपी के साथ कुछ अन्य कर्मचारियों की गतिविधियां भी संदिग्ध पाई गई हैं। इसके बाद बीकेटीसी के कई अन्य कर्मचारी भी जांच के दायरे में आ गए हैं। पुलिस ने संबंधित सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच तेज कर दी है।
जांच अधिकारियों के अनुसार, अब 29 जून की सीसीटीवी फुटेज की भी बारीकी से जांच की जाएगी, ताकि अलग-अलग दिनों की रिकॉर्डिंग के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा सकें। बताया गया है कि 27 जून से मंदिर परिसर में हाई-रेजोल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, जबकि इससे पहले लगे कैमरों की गुणवत्ता अपेक्षाकृत कम थी। ऐसे में पुराने फुटेज का भी तकनीकी रूप से विश्लेषण किया जा रहा है।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि संदिग्ध फुटेज में दिखाई दे रहे कर्मचारी किस प्रकार की गतिविधियों में शामिल थे। पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट ने कहा कि जांच के दौरान जो भी संदिग्ध तथ्य सामने आएंगे, उनकी गहन जांच की जाएगी। साथ ही मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं और जांच लगातार जारी है।



