उत्तराखण्ड समाचार

भारी बारिश से उत्तराखंड में जनजीवन प्रभावित, नीलकंठ और यमुनोत्री हाईवे पर मलबा गिरने से यातायात बाधित

देहरादून/ऋषिकेश/उत्तरकाशी। उत्तराखंड में भारी बारिश के बीच कई जिलों में सड़क संपर्क प्रभावित हो गया है। नीलकंठ महादेव मंदिर के पास पहाड़ी से भारी मलबा सड़क पर आने से यातायात बाधित हो गया, जबकि उत्तरकाशी के बड़कोट क्षेत्र में यमुनोत्री हाईवे पर स्याना चट्टी के पास मलबा और दलदल के कारण आवाजाही जोखिम भरी बनी हुई है।

नीलकंठ मार्ग पर मलबा गिरने की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सड़क से मलबा हटाने का कार्य शुरू किया। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक यात्रा करने और मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

वहीं, यमुनोत्री हाईवे पर लगातार भूस्खलन और मलबा आने से स्थानीय लोगों और चारधाम यात्रा पर आए श्रद्धालुओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मलबा हटाने के बाद भी सड़क कई स्थानों पर दलदल में तब्दील हो गई है, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मार्ग को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार मशीनों के माध्यम से मलबा हटाने का कार्य किया जा रहा है।

इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने प्रदेश के कई जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज वर्षा का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखने, सड़क मार्गों की लगातार निगरानी करने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। साथ ही लोगों से मौसम विभाग की सलाह का पालन करने और यात्रा के दौरान पूरी सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण चार राज्यमार्ग सहित करीब 70 सड़कें बंद होने से कई क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित हुआ है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button