उत्तराखण्ड समाचार

एंजेल चकमा हत्याकांड: नेपाल पुलिस ने आरोपी के घर समेत कई ठिकानों पर दी दबिश, आज हो सकती है गिरफ्तारी

देहरादून।
त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा हत्याकांड के मुख्य आरोपी यज्ञ राज अवस्थी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। पुलिस के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार आरोपी के संबंध में अहम सुराग मिले हैं और पुलिस टीम उसके बेहद करीब पहुंच चुकी है। संभावना जताई जा रही है कि शुक्रवार रात तक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

मुख्य आरोपी यज्ञ राज अवस्थी बीते करीब 15 दिनों से पुलिस को चकमा दे रहा है। उसकी तलाश में देहरादून पुलिस के साथ-साथ नेपाल पुलिस भी सक्रिय रूप से जुटी हुई है। दोनों देशों की पुलिस के बीच लगातार समन्वय बना हुआ है। नेपाल पुलिस ने आरोपी के घर समेत कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की, हालांकि अभी तक उसे पकड़ा नहीं जा सका है।

गौरतलब है कि 9 दिसंबर को सेलाकुई में हुई हिंसक घटना में एंजेल चकमा गंभीर रूप से घायल हो गया था। इलाज के दौरान 26 दिसंबर को उसकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने पहले 14 दिसंबर को छह आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया था, जिसे चकमा की मौत के बाद हत्या की धारा में बदल दिया गया।

पुलिस अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, लेकिन मुख्य आरोपी यज्ञ राज अवस्थी अभी फरार है। पुलिस का अनुमान है कि वह फिलहाल बॉर्डर इलाके में ही छिपा हुआ है। उसे ट्रेस करने के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया गया है और जल्द ही उसे पुलिस की गिरफ्त में ले लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button