उत्तराखण्ड समाचार

स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर सभी पुलिसकर्मियों को मिलेगा रजत जयंती पदक: मुख्यमंत्री धामी की घोषणा

देहरादून।राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर उत्तराखंड पुलिस के सभी कार्मिकों को विशेष रजत जयंती पदक प्रदान किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यह घोषणा मंगलवार को पुलिस स्मृति दिवस पर पुलिस लाइन, देहरादून में आयोजित रैतिक परेड कार्यक्रम के दौरान की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में शांति और सुरक्षा बनाए रखने में पुलिसकर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की सीमाएं न केवल अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से जुड़ी हैं, बल्कि उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश से भी सटी हुई हैं। ऐसे में राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखना अत्यंत आवश्यक है, और इसमें पुलिस का योगदान रीढ़ की हड्डी के समान है।

मुख्यमंत्री की चार महत्वपूर्ण घोषणाएं

  1. सभी पुलिस कार्मिकों को विशेष रजत जयंती पदक प्रदान किया जाएगा।
  2. आवासीय भवन निर्माण के लिए 100 करोड़ रुपये की धनराशि तीन वर्षों तक दी जाएगी।
  3. एसडीआरएफ के जवानों के लिए पांच नई बैरिकों का निर्माण किया जाएगा।
  4. पुलिस कल्याण नीति के तहत अनुदान राशि को ढाई करोड़ से बढ़ाकर साढ़े चार करोड़ रुपये किया गया।

शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने इस वर्ष कर्तव्य पालन के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी और उनके परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इन वीर जवानों का बलिदान राज्य की सुरक्षा और गौरव का प्रतीक है।

डीजीपी दीपम सेठ ने कहा

डीजीपी दीपम सेठ ने बताया कि हर वर्ष 21 अक्तूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है, जो 1959 में लद्दाख में चीनी सैनिकों के हमले में शहीद हुए 10 सीआरपीएफ जवानों की याद में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष पूरे देश में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए 186 पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी गई है।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष उत्तराखंड पुलिस ने भी ड्यूटी के दौरान अपने चार साथियों को खोया था, जिनकी याद में यह श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button